थत्यूड

थत्यूड़ में पैलेटिव केयर दिवस पर भावनात्मक आयोजन, संवेदना प्रोजेक्ट ने जीता दिल

मानवता की मिसाल बना संवेदना प्रोजेक्ट, जरूरतमंदों तक पहुँचाई राहत और उम्मीद

रिपोर्ट-मुकेश रावत 

थत्यूड़। विश्व पैलेटिव केयर दिवस पर डीआरसी ढाणा में “संवेदना प्रोजेक्ट” के तत्वावधान में संवेदना और सेवा से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ के प्रभारी डॉ. मनीष भारती, डॉ. फूलदास, लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल से डॉ. जॉर्ज एवं डॉ. सैरेन, साथ ही क्षेत्र के नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि और स्मरण का भावनात्मक पल

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पमाला पहनाकर की गई। इसके बाद संवेदना टीम की ओर से उन परिवारों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जो अब इस दुनिया में नहीं हैं।
टीम द्वारा दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को स्मृति-फ्रेम भेंट किए गए, वहीं उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

संवेदना प्रोजेक्ट जनहित में सराहनीय पहल – डॉ. मनीष भारती

सीएचसी प्रभारी डॉ. मनीष भारती ने कहा कि संवेदना प्रोजेक्ट का उद्देश्य बेहद मानवीय है और स्वास्थ्य विभाग इस जनसेवी कार्य में हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को और मजबूत करते हैं।

साइबर सुरक्षा पर दी जानकारी

महिला आरक्षी सोनम ने पुलिस विभाग की ओर से प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारियां दीं और जागरूक रहने का संदेश दिया।

 घर-घर पहुँच रही ‘पैलेटिव केयर’ सेवा

लैंडौर कम्युनिटी हॉस्पिटल की डॉ. सैरेन ने बताया कि पैलेटिव केयर प्रोग्राम पिछले दो वर्षों से संचालित हो रहा है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ऐसे मरीजों तक पहुँचना है जो अस्पताल नहीं आ सकते।
उन्होंने बताया कि टीम घर-घर जाकर जरूरतमंदों को चिकित्सा और मानसिक सहयोग प्रदान करती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

कमजोर वर्गों के साथ संवेदना हमारी पहचान – राजकुमार

संवेदना प्रोजेक्ट मैनेजर राजकुमार ने कार्यक्रम में पैलेटिव केयर की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट का मकसद सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है।
उन्होंने सभी को अपील की कि समाज के कमजोर तबके तक संवेदना की भावना पहुँचाना ही सच्ची सेवा है।

सेवा और संवेदना का प्रेरणादायी माहौल

कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ संवेदना टीम, पुलिस विभाग के कर्मी एवं स्थानीय गणमान्यजन मौजूद रहे।
पूरा कार्यक्रम सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओतप्रोत रहा।
कार्यक्रम का सुंदर संचालन वीरेंद्र थापा ने किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!