आंगनवाड़ी केंद्रों में शिक्षा सुधार अभियान तेज, उत्कृष्ट कार्यकत्रियों को मिलेगा सम्मान

टिहरी गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। बैठक में रॉकेट लर्निंग फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मिशन आरम्भ’ कार्यक्रम के तहत जनपद के आंगनवाड़ी केंद्रों में पूर्व प्राथमिक शिक्षा को सशक्त बनाने की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक लता कुमारी और जिला समन्वयक उमेश बहुगुणा ने प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि जनपद के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए खेल आधारित तकनीकी गतिविधियों के माध्यम से प्रारंभिक शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाया जा रहा है। इससे बच्चों की भाषा दक्षता, गणितीय समझ, सामाजिक व्यवहार तथा भावनात्मक विकास में सकारात्मक सुधार देखा जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को ऑफलाइन प्रशिक्षण देकर उन्हें दक्ष शिक्षिका के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि बच्चों को पोषण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी मिल सके और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो।
डीएम नितिका खण्डेलवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था की शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय, बाल विकास अधिकारी संजय गौरव, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, अर्थ एवं संख्या अधिकारी साक्षी शर्मा, एआरटीओ सत्येंद्र राज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।



