बायोमैट्रिक लगाना न भूलें! राशन कार्ड ई-केवाईसी का आखिरी मौका बढ़ा
ई-के.वाई.सी. की अंतिम तिथि अब 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ी

टिहरी। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने जनपद के समस्त राशन कार्ड धारकों और उनके परिवारिक सदस्यों को महत्वपूर्ण जानकारी दी है। मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में राशन कार्ड धारकों/समस्त सदस्यों की ई-के.वाई.सी. (E-KYC) कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दी गई है।
सभी राशन कार्ड धारकों से अपील
जिला अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से आग्रह किया है कि वे अविलम्ब अपने नजदीकी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर जाकर पॉस मशीन से फिंगर लगाकर (बायोमैट्रिक) अपना ई-के.वाई.सी. और मोबाइल नंबर सीडिंग करवाएं। यह कार्य अनिवार्य है।
विशेष कैंपों में सुविधा
उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न न्याय पंचायतों में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत आयोजित होने वाले कैंपों में भी ई-के.वाई.सी. मशीन स्थापित की जा रही है। ऐसे कैंपों में अपने राशन कार्ड और आधार कार्ड की प्रति लेकर उपस्थित होकर अन्य विभागीय कार्यों के साथ-साथ अपना ई-के.वाई.सी. और मोबाइल सीडिंग कार्य भी करवाया जा सकता है।



