डीएम के औचक निरीक्षण में सब रजिस्ट्रार कार्यालय ऋषिकेश में खुली अनियमितताएं
उप निबंधक निलंबित, मुख्यालय से सम्बद्ध; शासन ने अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की

देहरादून, 14 फरवरी 2026 : जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए ऋषिकेश के उप निबंधक हरीश कुमार को निलंबित कर मुख्यालय से सम्बद्ध कर दिया है। यह कार्रवाई आमजन की शिकायतों और डीएम सविन बसंल के औचक निरीक्षण के बाद की गई।
विगत माह, आमजन को रजिस्ट्रार कार्यालय में हो रही परेशानियों और शिकायतों के मद्देनजर, जिलाधिकारी सविन बसंल ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय ऋषिकेश का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
कार्यालय में वर्षों से लंबित मूल अभिलेख
गहन स्टांप चोरी और करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान
फर्जी कर्मचारियों द्वारा अवैधानिक रूप से विलेख पंजीकरण
संपत्ति मूल्य आंकलन का अभाव और गलत स्टांप शुल्क
औद्योगिक भू-उपयोग वाली भूमि का आवासीय दरों पर रजिस्ट्रेशन
निरीक्षण के दौरान उपस्थित फरियादियों ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि मूल अभिलेख लौटाने और रजिस्ट्री की नकल देने में आमजन को कई महीनों तक परेशान किया जा रहा था। कई अर्जेंट रजिस्ट्री नकलें 24 घंटे के बजाय महीनों और वर्षों से लंबित पाई गईं।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि उप निबंधक की अनुपस्थिति में निबंधक लिपिक द्वारा अवैध रूप से रजिस्ट्रेशन कार्यवाही की जा रही थी। कार्यालय में घोस्ट कार्मिक भी पाए गए, जिनका कोई नियुक्ति पत्र या उपस्थिति रिकॉर्ड नहीं था।
दून घाटी विशेष महायोजना 2031 के तहत औद्योगिक भूमि को आवासीय दर्शाकर दर्जनों छोटे भू-खंडों में रजिस्ट्री कराई गई
स्टांप अपवंचना और भूमि क्रेताओं के साथ धोखाधड़ी का मामला उजागर
जिला प्रशासन की रिपोर्ट और निरीक्षण आख्या के आधार पर शासन ने उप निबंधक हरीश कुमार को निलंबित कर मुख्यालय से सम्बद्ध किया और अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू कर दी। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लिया गया है।
जिलाधिकारी सविन बसंल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि आमजन के हित और राजस्व सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



