डीएम टिहरी ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण
सड़क–पानी–बिजली को प्राथमिकता, प्रभावित परिवारों को मिली राहत सामग्री

थत्यूड़/धनोल्टी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को धनोल्टी तहसील के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान वह ग्राम पंचायत लामकाण्डे और हटवाल गांव पहुंचीं और आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया। निरीक्षण में धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने कहा कि आपदा प्रभावितों को राहत देने में धन की कोई कमी नहीं होगी। मुख्यमंत्री प्रतिदिन समीक्षा कर रहे हैं।
मकान, फसल और सड़कें हुई क्षतिग्रस्त
अतिवृष्टि और भूस्खलन से पीएमजीएसवाई की मरोड़ा–बनाली और मरोड़ा–कुंड सड़कें जगह-जगह मलबा आने से बंद हैं। कई गांवों में आवासीय भवन, पेयजल लाइनें और कृषि फसलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।
निरीक्षण में लामकाण्डे निवासी भगवान दास का मकान क्षतिग्रस्त पाया गया। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को उनके परिवार को किराए पर घर उपलब्ध कराने और विस्थापन हेतु सर्वे करने के निर्देश दिए।
मछली पालन को भारी नुकसान
सोंग नदी के तेज बहाव से हटवाल गांव के पंचम सिंह हटवाल को लगभग 15 लाख की ट्राउट मछलियों का नुकसान हुआ है। जिलाधिकारी ने नदी पर बने चेकडैम की ऊंचाई कम करने के संबंध में समिति बनाकर निरीक्षण करने को कहा।
प्रभावितों को मिली राहत सामग्री
निरीक्षण के दौरान प्रभावित भगवान दास को पूर्ण मकान क्षति का 1.35 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। इसके अलावा आपदा प्रभावित परिवारों को राशन किट, तिरपाल, कंबल और राहत सामग्री भी बांटी गई।
जिला पूर्ति विभाग ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में 70 राशन किट लामकाण्डे, मरोड़ा, हटवाल और मटियाणा गांव के लिए भेजीं। वहीं रगड़गांव और तोलियाकाटल सहित अन्य क्षेत्रों के लिए 250, देवप्रयाग को 30, नरेंद्रनगर को 40 और तपोवन के लिए 20 राशन किट भेजे गए।
बुनियादी सेवाएं बहाल करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कृषि एवं उद्यान विभाग को प्रभावित किसानों की क्षति का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल संकट वाले गांवों में प्लास्टिक पाइपों से अस्थायी आपूर्ति सुनिश्चित करने और पीएमजीएसवाई को जेसीबी और टीपर की संख्या बढ़ाकर सड़क खोलने के आदेश दिए।
यूपीसीएल ने बताया कि प्रभावित 17–18 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, शेष गांवों में शाम तक आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।
मौके पर रहे अधिकारी
निरीक्षण में राज्य मंत्री संजय नेगी, एसडीएम मंजू राजपूत, एसई विद्युत, डीडीएमओ बृजेश भट्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि थत्यूड़ सोनू त्यागी, पीएमजीएसवाई जी.आर. नौटियाल, विद्युत अमित आनंद, तहसीलदार वीरम सिंह, डीएसओ मनोज डोभाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद सकलानी समेत अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।



