उत्तराखंड

डिजिटल कनेक्टिविटी को लेकर सख्त डीएम, नेटवर्क शैडो एरिया में टावर लगाने में तेजी के निर्देश

उत्तरकाशी, 31 जनवरी 2026। जिले में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ करने और नेटवर्क कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट परिसर से वर्चुअल माध्यम के जरिए जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की। बैठक में दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर नेटवर्क तथा शैडो एरिया की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल युग में निर्बाध मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा आमजन की बुनियादी जरूरत बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, ई-गवर्नेंस और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी अनिवार्य है। उन्होंने टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि जिले के नेटवर्क शैडो एरिया की पहचान कर वहां नए मोबाइल टावर स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, साथ ही जो टावर लगाए जा चुके हैं उन्हें शीघ्र फंक्शनल किया जाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों में लंबित अनुमतियों की समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर कॉल क्वालिटी, मजबूत नेटवर्क और हाई-स्पीड डेटा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधारों पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्बाध कनेक्टिविटी केवल सुविधा नहीं, बल्कि वर्तमान समय की आवश्यकता है, जिससे आम नागरिकों को डिजिटल सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, बीएसएनएल के बलवंत सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत मनोज गुसाईं सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं निजी टेलीकॉम कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!