नगरीय इलाकों में अपराध पर डीएम सख्त, होमस्टे-होटल्स का होगा सघन सत्यापन
गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त प्रतिष्ठानों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश, नियमों के उल्लंघन पर जेल व भारी जुर्माना तय

देहरादून : जनपद के नगरीय क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे के बढ़ते प्रभाव को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने स्पष्ट किया है कि होमस्टे, होटल और वेडिंग प्वाइंट्स में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि टीम गठित कर जिलेभर में संचालित होमस्टे, होटल, वेडिंग प्वाइंट्स सहित सभी आवासीय और व्यावसायिक इकाइयों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान यदि कोई भी प्रतिष्ठान गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि राज्य सरकार की होमस्टे गाइडलाइन के अनुरूप चेकलिस्ट तैयार कर सभी इकाइयों का गहन निरीक्षण किया जाए और मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। वर्तमान में जिले में कुल 1057 होमस्टे पंजीकृत हैं, जिनमें से करीब 350 नगरीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं। इन सभी का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में डीएम ने ओकेजनल बार लाइसेंस को लेकर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी होमस्टे, होटल या वेडिंग प्वाइंट्स में लाइसेंस जारी करने से पहले सभी शर्तों की गहन जांच की जाए। बिना लाइसेंस या निर्धारित समय के बाद शराब परोसने की शिकायत मिलने पर संबंधित संपत्ति स्वामी, लीजधारक या किरायेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग को निर्देशित किया गया है कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यूनतम 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियां, बिना लाइसेंस शराब परोसने या नियमों के उल्लंघन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, जिला पर्यटन विकास अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



