उत्तराखंड

जिलाधिकारी टिहरी ने ली जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक

चारधाम यात्रा मार्गों के संयुक्त सर्वे के निर्देश, अव्यवस्थित साइनेज हटाने को कहा

टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों तथा पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई।

चारधाम मार्गों पर सुधार कार्यों में तेजी के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा मार्गों का संयुक्त सर्वेक्षण कर सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सुधारों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र संकलित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण किए जा सकें।
उन्होंने बीआरओ को निर्देश दिए कि मार्गों पर लगे अनावश्यक साइनेज व विज्ञापन पोस्टरों को हटाने की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए।

एक वर्ष में 55 हजार से अधिक चालान, 357 लाख से अधिक की वसूली

बैठक में एआरटीओ सत्येन्द्र राज ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा के तहत परिवहन विभाग द्वारा जनवरी 2025 से दिसम्बर 2025 तक प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान विभिन्न अभियोगों में 6,072 चालान किए गए, जिनसे 113.48 लाख रुपये का शुल्क प्राप्त हुआ।
वहीं पुलिस विभाग द्वारा 49,845 चालान कर 244.03 लाख रुपये का शुल्क वसूला गया।

दिसम्बर में 47 संयुक्त चेकिंग अभियान

उन्होंने बताया कि दिसम्बर 2025 माह में उपजिलाधिकारी, परिवहन विभाग एवं पुलिस द्वारा 30 संयुक्त चेकिंग अभियान, जबकि पुलिस एवं आरआई द्वारा 17 संयुक्त चेकिंग अभियान संचालित किए गए।

एनएच-07 और एनएच-34 पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे

वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से एनएच-07 पर साकनीधार (देवप्रयाग के निकट) एवं एनएच-34 पर साबली (चम्बा के निकट) एएनपीआर कैमरे लगाए जाने का प्रस्ताव है, जिसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाना है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जनपद में वर्तमान में हिट एंड रन का कोई भी प्रकरण नहीं है।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के.एस. नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय, अधिशासी अभियंता लोनिवि बोराड़ी योगेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि चम्बा जगदीश खाती, बीआरओ के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!