उत्तराखंड

धनोल्टी तहसील दिवस में गूंजे विकास के मुद्दे, जनसमस्याओं पर हुआ सीधा संवाद

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस, सफाई, सड़क, शिक्षा व आपदा मुआवजे से जुड़े प्रस्तावों पर दिए निस्तारण के निर्देश

  • तहसील दिवस में 68 से अधिक आवेदन प्राप्त, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

रिपोर्ट– मुकेश रावत 

धनोल्टी। जनपद टिहरी गढ़वाल की तहसील धनोल्टी में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में किया गया। तहसील दिवस के दौरान स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी प्रस्ताव जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए।

तहसील दिवस में प्राप्त अधिकांश शिकायतें एवं प्रस्ताव सफाई व्यवस्था, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, पर्यटन सुविधाओं तथा आधारभूत ढांचे से संबंधित रहे। ग्राम सभा गोठ के प्रधान लाखी राम चमोली ने धनोल्टी से गोठ तक सड़क निर्माण, इंटर कॉलेज धनोल्टी-चुलीसैण में कला वर्ग हेतु पद सृजन, क्षेत्र में आधार कैंप की स्थापना, गोठ में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने तथा पशुपालकों के पशुओं के बीमा एवं टीकाकरण की मांग रखी।

प्रधान लामाकांडे दिनेश रावत ने आपदा मुआवजा उपलब्ध कराने, लामाकांडे से हटवाल गांव तक क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत के दौरान सुरक्षा दीवार निर्माण, सौंग नदी पर बने चेक डैम से कृषि भूमि को हो रहे नुकसान की रोकथाम एवं चुनारी गाड़ नाले में गांव की सुरक्षा हेतु सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग उठाई।

मंजू देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित किए जाने तथा क्षेत्र में कार्यरत भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की मांग रखी। वहीं टैक्सी-मैक्सी एसोसिएशन, धनोल्टी द्वारा टैक्सी स्टैंड हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग प्रस्तुत की गई।

जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी ने क्षेत्र में आधार केंद्र खोलने, खनेरी-छंडूखिल-धनोल्टी मोटर मार्ग को जोड़ने तथा वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मांग रखी। इसके अतिरिक्त धनोल्टी-कददूखाल क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण, विद्युत लाइनों से टकरा रहे पेड़ों की लॉपिंग, नेटवर्क समस्या, धनोल्टी पार्क में सफाई व्यवस्था, जीर्ण-शीर्ण उपकरणों की मरम्मत, कर्मियों के मानदेय में वृद्धि तथा निराश्रित गोवंश की व्यवस्था जैसे विषय भी प्रमुखता से उठाए गए।

तहसील दिवस में कुल 68 से अधिक आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम प्रतापनगर (अतिरिक्त प्रभार धनोल्टी) अंकित राज, तहसीलदार बीरम सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!