उत्तराखंड ताज़ा

थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और अल्ट्रासाउंड मशीन की मांग तेज

जिला पंचायत सदस्य सविता देवी ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र, क्षेत्रीय जनता को हो रही दिक्कतों का उठाया मुद्दा

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। थत्यूड़ विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी और अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य सविता देवी ने उत्तराखंड सरकार के वन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण मंत्री सुबोध उनियाल को पत्र लिखकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

पत्र में उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में विशेषज्ञ डॉक्टरों का अभाव बना हुआ है, जिससे मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। साथ ही, अल्ट्रासाउंड मशीन न होने के कारण विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोगियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

उन्होंने मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की जाए। इसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ तथा एक जनरल सर्जन की नियुक्ति आवश्यक बताई गई है।

सविता देवी ने कहा कि यदि जल्द ही इन सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्रीय जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए और अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने मंत्री से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!