Dehradun में जनदर्शन बना न्याय का मंच
हर फरियाद पर त्वरित एक्शन, लापरवाह अफसरों पर सख्ती; बुजुर्गों के मामलों में प्रशासन का संवेदनशील रुख

देहरादून, 02 मार्च 2026। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आमजन के लिए त्वरित न्याय का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में 92 शिकायतों पर सुनवाई हुई। भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, आपसी विवाद, आर्थिक सहायता, फीस माफी और उपचार संबंधी मामलों पर डीएम ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
एचडीसी कॉलोनी में धंसे सीवर, टूटी सड़क; इंजीनियर का वेतन रोका
एचडीसी कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय एल.एन. नौटियाल ने सीवर लाइन, नाली और सड़क निर्माण की खराब गुणवत्ता से उत्पन्न जलभराव और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या उठाई। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया। जनदर्शन में अनुपस्थित पाए जाने पर उनके एक दिन के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एडीएम को जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
न्यायालय आदेश के बावजूद कब्जा, एसडीएम से मांगी एक्शन टेकन रिपोर्ट
मोथरोवाला निवासी बुजुर्ग दंपत्ति ने आरोप लगाया कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उनके घर पर कब्जा खाली नहीं किया जा रहा और उनके साथ मारपीट व अभद्रता की जा रही है। डीएम ने एसडीएम सदर को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
संपत्ति के लालच में मां से दुर्व्यवहार, भरण-पोषण अधिनियम में मुकदमा दर्ज करने के आदेश
राजीव नगर की वृद्धा मंजू देवी ने बेटे-बहू पर संपत्ति हड़पने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। डीएम ने ‘भरण-पोषण अधिनियम’ के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश, तहसीलदार को मौके पर जांच के निर्देश
अजबपुर कलां निवासी विधवा सीमा उनियाल और तिपरपुर परगना की बाला देवी ने निजी भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
बेटे की धमकियों से त्रस्त बुजुर्ग मां, सीनियर सिटीजन एक्ट में होगी कार्रवाई
डोईवाला निवासी मीना क्षेत्री ने बेटे द्वारा अभद्रता और जान से मारने की धमकी की शिकायत की। डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ‘सीनियर सिटीजन एक्ट’ के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए ‘सारथी वाहन’ की व्यवस्था भी कराई।
आर्थिक तंगी में बेटे की फीस माफी, शिक्षा बाधित न हो: डीएम
लख्खीबाग निवासी मौ. यासीन ने पुत्र की फीस माफी की गुहार लगाई। डीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय से समन्वय कर नियमानुसार राहत देने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड की जांच आज ही, सीएमओ को निर्देश
मोथरोवाला निवासी नरेंद्र नाथ ने दुर्घटना में घायल पुत्र के उपचार हेतु सहायता मांगी। आयुष्मान कार्ड काम न करने की शिकायत पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उसी दिन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
मोहकमपुर-नेहरूग्राम में जर्जर सड़क व अतिक्रमण पर 10 मार्च तक रिपोर्ट
मोहकमपुर-लोअर नत्थनपुर व नेहरूग्राम क्षेत्र में जर्जर सड़क, झुके विद्युत पोल, झूलती तारों और फ्लाईओवर के नीचे गंदगी की शिकायत पर डीएम ने अधिशासी अभियंता को 10 मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
सरकारी भूमि पर तारबाड़ कर अतिक्रमण, 15 मार्च तक आख्या तलब
केदारपुरम कॉलोनी स्थित चक डांडा लखौंड लिंक रोड क्षेत्र में सरकारी भूमि पर तारबाड़ कर कब्जे की शिकायत पर एसडीएम सदर को राजस्व अभिलेख जांचकर 15 मार्च तक स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
देहरादून-डोईवाला बस सेवा शुरू न होने पर स्मार्ट सिटी से जवाब तलब
देहरादून से डोईवाला, भानियावाला, रानी पोखरी व भोगपुर तक इलेक्ट्रिक/स्मार्ट सिटी बस सेवा प्रारंभ न होने पर डीएम ने संबंधित प्रबंधन से 17 मार्च तक कारण सहित रिपोर्ट मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



