उत्तराखंड ताज़ा

कैम्पटी में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर

धनोल्टी विधानसभा प्रभारी जबर सिंह पंवार बोले—पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

कैम्पटी (टिहरी): 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। न्याय पंचायत कैम्पटी में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में धनोल्टी विधानसभा प्रभारी जबर सिंह पंवार ने क्षेत्र के चारों ब्लॉकों के अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत मंथन किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना और आगामी चुनावी रणनीति को धार देना रहा।

 

बैठक के दौरान वक्ताओं ने संगठन को बूथ और सेक्टर स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाए रखने और जनता के साथ संवाद बढ़ाने पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर जबर सिंह पंवार ने कहा कि कांग्रेस 2027 के चुनाव को पूरी ताकत और जोश के साथ लड़ेगी तथा प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में लगातार बैठकों का दौर जारी है।

 

प्रदेश प्रवक्ता अमेन्द्र बिष्ट ने जानकारी दी कि बैठक में सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मजबूती के लिए बूथ लेवल एजेंट (BLA) की भूमिका को प्रभावी बनाने और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा की गई, ताकि समय रहते मजबूत चुनावी रणनीति तैयार की जा सके।

 

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों में धनोल्टी क्षेत्र सहित प्रदेश के कई हिस्सों में विकास प्रभावित हुआ है, जिससे आम जनता में असंतोष का माहौल है।

 

बैठक में मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत, कांग्रेस नेता डॉ. वीरेंद्र सिंह रावत सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

अंत में नैनबाग ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपचंद सजवाण ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!