अटल जी का व्यक्तित्व व कृतित्व सदैव देता रहेगा प्रेरणा : मुख्यमंत्री
जयंती की पूर्व संध्या पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व और कृतित्व राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी जैसे महान व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेते हैं, जिन्होंने अपने विचारों, कार्यों और नेतृत्व से भारत को नई दिशा प्रदान की।
कुशल प्रशासक और दूरदर्शी राजनेता थे अटल जी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी कुशल प्रशासक, दूरदर्शी राजनीतिज्ञ, लोकप्रिय जननेता और ओजस्वी वक्ता थे। उनके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था। राजनीति में रहते हुए भी उन्होंने सदैव मूल्यों, मर्यादाओं और लोकतांत्रिक परंपराओं को सर्वोच्च स्थान दिया।
उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता रहे अटल बिहारी वाजपेयी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी उत्तराखण्ड राज्य के प्रणेता थे। उन्होंने न केवल उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण किया, बल्कि राज्य के समग्र विकास के लिए एक मजबूत आधार भी तैयार किया। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने उत्तराखण्ड को विशेष औद्योगिक पैकेज प्रदान कर विकास की सुदृढ़ नींव रखने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसका लाभ आज राज्य को मिल रहा है।
भारत को दिलाई वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी सशक्त पहचान बनाई और 21वीं सदी में आत्मविश्वास के साथ कदम बढ़ाए। उनकी सर्वसमावेशी सोच और सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता आज भी देश के नेताओं के लिए प्रेरणा है।
पोखरण और कारगिल विजय के लिए रहेंगे स्मरणीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की दूरगामी सोच, साहित्यिक रचनाएँ, पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध में भारत को मिली ऐतिहासिक विजय के लिए उन्हें सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण किया जाता रहेगा।



