उत्तराखंड

गंगा घाट पर चला स्वच्छता अभियान, ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ का हुआ शुभारंभ

डीएम नितिका खंडेलवाल के नेतृत्व में जानकी सेतु क्षेत्र में सफाई व सौंदर्यीकरण

  • बच्चों की चित्रकारी और पुराने दीपकों से सजा गंगा आरती घाट

मुनि की रेती (टिहरी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल की तहसील नरेंद्रनगर अंतर्गत मुनि की रेती स्थित जानकी सेतु के समीप गंगा आरती घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल एवं नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया।

अभियान के दौरान घाट परिसर में फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण किया गया, वहीं झाड़ी कटान कर पूरे क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाया गया। प्रशासन एवं नगर पालिका की इस पहल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

स्वच्छता को बढ़ावा देने ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ की शुरुआत

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ नामक अभिनव अभियान का शुभारंभ किया गया। इसके तहत नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथकीकरण को लेकर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप देना और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

बच्चों की कला से निखरा घाट, पुराने दीपकों का हुआ पुनः उपयोग

स्वच्छता अभियान के उपरांत श्री पूर्णानंद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा घाट के आसपास स्थित पत्थरों पर आकर्षक चित्रकारी कर गंगा आरती घाट का सौंदर्यीकरण किया गया। साथ ही, सफाई के दौरान एकत्र पुराने दीपकों को पुनः उपयोग में लाकर घाट की सजावट की गई, जिससे ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल’ की अवधारणा को व्यवहारिक रूप मिला।

कराटे प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित

इसी क्रम में नगर पालिका सभागार मुनि की रेती में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले देहरादून, टिहरी एवं पौड़ी जनपदों के बच्चों को उनके ग्रीन, येलो एवं ब्राउन बेल्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सभासद विनोद खंडूरी, बृजेश गिरी, स्वाति पोखरियाल, लक्ष्मण भंडारी, उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, सफाई निरीक्षक कमल चौहान सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!