पीएम की 91 परियोजनाओं की प्रगति पर मुख्य सचिव सख्त, समयबद्ध पूर्णता और शीघ्र लोकार्पण के निर्देश

देहरादून, 15 जनवरी 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री द्वारा विभिन्न अवसरों पर शिलान्यास की गई परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों से योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग परियोजनाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, लेकिन अभी तक लोकार्पण नहीं हुआ है, उनका शीघ्र लोकार्पण कराया जाए ताकि आमजन को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। गतिमान परियोजनाओं के लिए विभागों को प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने को कहा गया।
उन्होंने यह भी कहा कि एक से अधिक विभागों से जुड़ी परियोजनाओं में आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर कार्य पूर्ण किया जाए। नियोजन विभाग को प्रधानमंत्री के शिलान्यास से संबंधित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही एमडी यूजेवीएनएल को लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना में तेजी लाने के लिए केंद्रीय जल आयोग को शीघ्र डिजाइन और शेड्यूल उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विभिन्न विभागों की कुल 22,015.76 करोड़ रुपये लागत की 91 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें से 18 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, 6 का लोकार्पण हो चुका है जबकि 12 का लोकार्पण शेष है। शेष 73 परियोजनाओं का कार्य विभिन्न स्तरों पर प्रगति पर है, जिनमें से अधिकांश के मार्च 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव नीतेश कुमार झा, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार एवं नवनीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



