जन-जन की सरकार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संवाद, हवाई पट्टियों से हेलि सेवा का ऐलान
चिन्यालीसौड़ व गौचर हवाई पट्टी से शुरू होगी हेलि सेवा

चिन्यालीसौड़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकासखंड परिसर में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में प्रतिभाग कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व विभागीय स्टॉल निरीक्षण से हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया और 40 हजार से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा फायदा मिला। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े, इसलिए गांव-गांव शिविर लगाकर समाधान किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से किया जाएगा, जिससे हेलि सेवा का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है और सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि यात्रा की सफलता में स्थानीय हितधारकों, पुरोहितों, होटल व्यवसायियों और परिवहन संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और भारत के विकास में उत्तराखंड भी अहम योगदान देगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं द्वारा बनाए उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए कार्य कर रही है। अब तक दो लाख से अधिक लखपति दीदियों को सशक्त किया जा चुका है। स्थानीय मांग पर उन्होंने सीएचसी चिन्यालीसौड़ व महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अभियान के तहत संयुक्त टीमें बनाकर मौके पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। जो शिकायतें तत्काल हल नहीं हो पातीं, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलो-अप किया जाता है।
कार्यक्रम में संजय डोभाल, रामसुंदर नौटियाल, प्रताप पंवार, गीताराम गौड़, किशोर भट्ट, मनवीर चौहान, डॉ. स्वराज विद्वान, रणबीर सिंह महंत, मनोज कोहली, दीपक बिजल्वाण, दीपेंद्र कोहली, श्याम डोभाल, अतोल सिंह रावत, शैलेन्द्र कोहली, विजय बड़ोनी, पूनम रमोला, लक्ष्मण सिंह, शीशपाल रमोला, जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, सीडीओ जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।



