मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्णागिरी मंदिर निर्माण कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया विशेष जोर

खटीमा, 12 मई 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई स्थित मां पूर्णागिरी मंदिर के निर्माणाधीन स्थल का दौरा कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। करीब ₹2.54 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन इस धार्मिक परियोजना के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग (RWD) को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में जल व्यवस्था व शौचालय जैसे मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी प्राथमिकता में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि यदि किसी ठेकेदार अथवा कार्यदायी संस्था द्वारा कार्यों में लापरवाही या अनियमितता पाई गई, तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को विशेष निगरानी रखने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने लोहिया हेड कैंप कार्यालय में आम जनता से मुलाकात की और जन समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के समुचित निस्तारण के निर्देश दिए, जिससे जनता को शीघ्र राहत मिल सके।
निरीक्षण व जनसंवाद के बाद मुख्यमंत्री धामी ने हेलीकॉप्टर द्वारा जनपद अल्मोड़ा के लिए प्रस्थान किया।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें विधायक शिव अरोड़ा, काशीपुर मेयर दीपक बाली, राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, बीजेपी जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, गुंजन सुखीजा, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीडीओ मनीष कुमार, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम रविंद्र बिष्ट, सीओ आरडी मठपाल, अधिशासी अभियंता अमित भारती सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे से स्थानीय जनता में उत्साह का माहौल रहा और क्षेत्रवासियों ने सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के प्रति आभार जताया।