मुख्यमंत्री ने किया ‘लैब ऑन व्हील्स’ का शुभारंभ
एआई, कोडिंग और आईओटी में छात्रों को मिलेगा हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण, पांच वर्षों तक चलेगा अभियान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से छात्र कौशल संवर्धन की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ‘लैब ऑन व्हील्स’ (इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मोबाइल लैब प्रदेश के छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कोडिंग, आईओटी सहित अन्य उभरती तकनीकों में व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी।
लर्निंग बाई डूइंग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लैब ऑन व्हील्स’ छात्रों को लर्निंग बाई डूइंग के सिद्धांत पर आधारित बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी न केवल आधुनिक तकनीकों को समझ सकेंगे, बल्कि विज्ञान विषय के विभिन्न प्रयोगों को वर्चुअल मोड के जरिए भी सीख पाएंगे।
पूरे राज्य में पहुंचेगी मोबाइल लैब
इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड के सहयोग से संचालित यह मोबाइल लैब आगामी पांच वर्षों तक राज्यभर के शैक्षणिक संस्थानों में भ्रमण करेगी। इस दौरान छात्रों को जागरूक करते हुए उन्हें हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें वैश्विक स्तर की संभावनाओं से जोड़ा जाएगा।
व्यावहारिक प्रशिक्षण की कमी होगी दूर
यह पहल राज्य में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। ‘लैब ऑन व्हील्स’ के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, विधायक प्रमोद नैनवाल, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा इंफोसिस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



