
रिपोर्ट– मुकेश रावत
थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड के ग्राम ऐरी में शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा के वातावरण में जल कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा ने पूरे गांव को भक्तिमय बना दिया।
कथा व्यास आचार्य महावीर प्रसाद शास्त्री ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य को जीवन जीने की सच्ची कला सिखाती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और ध्यानपूर्वक कथा श्रवण करने से व्यक्ति के समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं और उसे परम आनंद की अनुभूति होती है।
वहीं श्रीमद् देवी भागवत कथा के वक्ता आचार्य शुभम पुजारी ने देवी महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवी भागवत में जगत जननी का अद्भुत महत्व वर्णित है। देवी मां सृष्टि का पालन करती हैं और अधर्म, पाप तथा दुष्ट शक्तियों का विनाश करती हैं।
कथा आयोजन में यजमान के रूप में राकेश सिंह पवार, विक्रम सिंह पवार, राजेंद्र पवार एवं प्रमोद पवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सरदार सिंह पवार, विसम्बर सिंह, रणवीर सिंह पवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



