थत्यूड

थत्यूड में भाजपा की एसआईआर बैठक, मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर दिया गया जोर

धनोल्टी विधानसभा में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थत्यूड। विकासखंड थत्यूड के ब्लॉक मुख्यालय स्थित ब्लॉक सभागार में भारतीय जनता पार्टी विधानसभा क्षेत्र धनोल्टी के अंतर्गत चारों मंडलों की एसआईआर (मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान) एवं बीएलओ की संयुक्त बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

बैठक का उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करना तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को इस अभियान के प्रति जागरूक करना रहा।

बैठक में क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत एवं जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को एसआईआर अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है, इसलिए इसका शुद्ध एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है।

क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जन-जन तक मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी सरल, सहज और स्पष्ट भाषा में पहुंचाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की विशेष आवश्यकता है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। साथ ही कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और राष्ट्रवादी सोच को आम नागरिकों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

भाजपा जिला अध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि एसआईआर अभियान में पार्टी के सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका अनिवार्य है। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जो व्यक्ति भारत अथवा राज्य का नागरिक नहीं है, उसका नाम किसी भी परिस्थिति में मतदाता सूची में शामिल न हो सके, इस पर कार्यकर्ता सतर्क निगरानी रखें। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की।

जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक होती है।

बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष जय सिंह अजवान (सकलाना), ललित खंडूरी (थौलधार), नरेश पवार (नैनबाग), ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष खेमराज भट्ट, मंडल महामंत्री अकबीर पवार, विनीता रावत, जिला पंचायत सदस्य ममता रावत, कुलबीर रावत, बच्चन सिंह रावत, वीरेंद्र चंदेल, रमेश बिष्ट, बलदेव पवार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने एसआईआर अभियान को सफल बनाने हेतु गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!