कैम्पटी से बड़ी घोषणा: टिहरी में बहेंगी विकास की धाराएं, सतपाल महाराज ने खोला खजाना
कहा—सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच से मजबूत होगा सुशासन, भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम

थत्यूड (टिहरी गढ़वाल)। जनपद टिहरी गढ़वाल के धनौल्टी तहसील अंतर्गत विकासखंड जौनपुर की सियाकेम्पटी न्याय पंचायत में शनिवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने जनपद टिहरी को 01 अरब 16 करोड़ 95 लाख 98 हजार रुपये की लागत की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें लोक निर्माण विभाग की 09 योजनाएं (92.06 करोड़), सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग की 07 योजनाएं (15.27 करोड़), पर्यटन विभाग की एक योजना (8.34 करोड़) तथा पंचायती राज विभाग के अंतर्गत पंचायत भवनों के निर्माण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच सरकार की प्राथमिकता
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि 17 दिसंबर से शुरू हुआ 45 दिवसीय प्रदेशव्यापी अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और योजनाओं को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है। इससे आमजन को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और समस्याओं का समाधान मौके पर ही संभव होगा।
उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से 28 विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, कृषि और अन्य कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रशासन पर जनता का भरोसा मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री के विजन पर आगे बढ़ रहा उत्तराखंड
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि वे राष्ट्र भावना के साथ जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
जलागम, सड़क और पर्यटन पर विशेष फोकस
मंत्री ने बताया कि जलागम विभाग के अंतर्गत 1,148 करोड़ रुपये की विश्व बैंक पोषित जलवायु अनुकूल बागवानी कृषि परियोजना शुरू की गई है, जिसके तहत टिहरी की 87 ग्राम पंचायतों को वित्तीय स्वायत्तता दी जा रही है।
सड़क कनेक्टिविटी पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा जा चुका है। मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के माध्यम से वंचित बसावटों को भी मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
पर्यटन को लेकर उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा, साहसिक पर्यटन, आदि कैलाश यात्रा और कैलाश मानसरोवर दर्शन को लेकर सरकार लगातार कार्य कर रही है। साथ ही दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत 5,000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत हो चुके हैं।
193 शिकायतें दर्ज, 88 का मौके पर निस्तारण
नोडल अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों से 193 आवेदन/शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 88 का समाधान मौके पर किया गया। इसके अलावा 16 प्रमाण पत्र जारी किए गए और 98 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा राजकीय इंटर कॉलेज कैम्पटी की छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया।
ये रहे प्रमुख मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक धनौल्टी प्रीतम सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



