थत्यूड़ पुलिस का बड़ा एक्शन: नशामुक्त अभियान में 5.90 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

थत्यूड़। जनपद टिहरी गढ़वाल में नशामुक्त समाज की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को सुनिश्चित करने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी चम्बा के निकट निर्देशन में विशेष अभियान दल (SOG) और थत्यूड़ पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई है।
शनिवार को इस टीम ने चेकिंग के दौरान धनोल्टी चौकी क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने अभियुक्त जितेंद्र सिंह, पुत्र स्वर्गीय दिलाराम सिंह, निवासी लक्कड़घाट श्यामपुर, ऋषिकेश को अवैध रूप से स्मैक की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से 5.90 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष अमित शर्मा, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल चेतन सिंह और कांस्टेबल नरेश शोक्टा ने सक्रियता और समर्पण से भूमिका निभाई। इस अभियान के चलते जनपद में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ी है, और पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर सख्त नकेल कसने का संदेश दिया है।