कैंपटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 32 पेटी अवैध शराब बरामद, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

थत्यूड़। टिहरी जिले की थाना कैंपटी पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। मसूरी बैंड से आगे अगलाड़ पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने सिल्वर रंग की मारुति सियाज कार (HR26CX0046) को रोका। तलाशी लेने पर कार से 32 पेटी अवैध शराब और बियर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद माल की कीमत करीब 2.23 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सागर पुत्र काबल सिंह (29 वर्ष), निवासी मथाना, जिला कुरुक्षेत्र और रविंद्र कुमार पुत्र ओम प्रकाश (43 वर्ष), निवासी शादीपुर, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि रविंद्र कुमार पेशेवर शराब तस्कर है, जो हरियाणा से सस्ती शराब लाकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचता है। इससे पहले भी वर्ष 2022 में वह कैंपटी पुलिस द्वारा 18 पेटी अवैध शराब के साथ पकड़ा गया था।
पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा संख्या 06/2025 धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के साथ चौकी प्रभारी नैनबाग प्रवीण कुमार, उप निरीक्षक आनंद सिंह रावत, हेड कांस्टेबल मेराज आलम, हेड कांस्टेबल रवि चौहान, कांस्टेबल नितिन कुमार, कांस्टेबल सुरेश चौहान और होमगार्ड वीरेंद्र सजवाण शामिल रहे।