उत्तराखंड ताज़ा

भवान इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, विधायक ने कंप्यूटर हेतु ढाई लाख देने की घोषणा

पूर्व छात्र सम्मेलन में यादें ताजा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

थत्यूड़, 27 मार्च 2026। जौनपुर विकासखंड के पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज भवान में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव एवं पूर्व छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने विद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विधायक निधि से पांच कंप्यूटर के लिए ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में विधायक पंवार ने कहा कि विद्यालय छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का लाभ उठाते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और पूर्व छात्रों से विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

इस दौरान विद्यालय के प्रारंभिक संचालकों में शामिल जयवीर सिंह पंवार ने स्थापना काल के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि जनसहयोग और शिक्षकों के समर्पण से ही विद्यालय आज इस मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता भी प्रमुखता से उठाई।

 

पूर्व शिक्षक प्रेम सिंह पंवार और पूर्व छात्र एडवोकेट आनंद सिंह बेलवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए पुराने दिनों को याद किया। सभी वक्ताओं ने विद्यालय के प्रथम शिक्षक सुंदर लाल नौटियाल के योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

 

कार्यक्रम में इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक दिनेश नौटियाल और जयराम सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं अरविंद उनियाल ने विद्यालय के इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की।

 

विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र बौड़ाई ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहे। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। संस्कृत गीतों और पहाड़ी लोकधुनों पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

कक्षा 6 के विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल के दुरुपयोग और सदुपयोग पर आधारित नाटक ने समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। वहीं सेल्फ डिफेंस ट्रेनर सुरेंद्र सिंह रावत के निर्देशन में छात्राओं ने साहसिक करतबों का प्रदर्शन किया, जिसमें टाइल तोड़ने की प्रस्तुति ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।

 

अंत में पारंपरिक तांदी नृत्य की शानदार प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महावीर प्रसाद नौटियाल एवं कक्षा 11 की छात्रा गौरिका ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सीता रावत, पीटीए अध्यक्ष शीशपाल सिंह पंवार, एसएमसी अध्यक्ष अनीता चमोली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!