थत्यूड
भागवत कथा से जीवन का मार्ग प्रशस्त, ऐरी में भक्ति का अद्भुत संगम
द्वितीय दिवस संयम, सदाचार और देवी उपासना का दिया गया संदेश

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। ग्राम पंचायत ऐरी में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण एवं श्रीमद् देवी भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ के द्वितीय दिवस श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
श्रीमद्भागवत कथा के प्रसंगों को विस्तार से समझाते हुए कथा व्यास आचार्य महावीर शास्त्री ने कहा कि “जो व्यक्ति अपने वर्तमान को सुधार लेता है, वही भागवत कथा के वास्तविक मर्म को समझ पाता है। जब तक भागवत जीवन में प्रवेश नहीं करती, तब तक जीवन की व्यथा समाप्त नहीं होती।”
उन्होंने श्रद्धालुओं को संयमित आचरण अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि मनुष्य को किसी के साथ अन्याय, दुराचार अथवा दुर्भावना नहीं रखनी चाहिए। भागवत कथा आत्मशुद्धि, सदाचार और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का मार्ग प्रशस्त करती है। इस दौरान भक्ति, ज्ञान और वैराग्य से जुड़ी प्रेरक कथाओं का भी वर्णन किया गया।
वहीं श्रीमद् देवी भागवत कथा के प्रसंगों में कथा आचार्य शुभम पुजारी ने देवी उपासना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “देवी आराधना शक्ति, धैर्य और धर्म के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है। देवी भागवत स्त्री-शक्ति के सम्मान के साथ सामाजिक संतुलन और न्याय का संदेश प्रदान करती है।
कथा के दौरान श्रद्धालु पूरी तल्लीनता के साथ भागवत एवं देवी भागवत कथा का श्रवण करते रहे। बीच-बीच में प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे, जिससे कथा स्थल पर आध्यात्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पवार, देवेंद्र प्रसाद चमोली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कथा यजमान राकेश सिंह पवार, विक्रम सिंह पवार, राजेंद्र पवार, प्रमोद पवार व ग्राम प्रधान सरदार सिंह पवार, विसंबर सिंह पवार, रणवीर सिंह पवार, रतन मणि गौड़, बृजमोहन गौड़, रमेश प्रसाद गौड़, मनवीर पंवार, अरविन्द पंवार, विजय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे।



