बालिका इंटर कॉलेज थत्यूड़ में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ
स्वच्छता, नशामुक्ति व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर केंद्रित होंगे कार्यक्रम

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। जौनपुर विकासखंड स्थित बालिका इंटर कॉलेज थत्यूड़ में मंगलवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खंड शिक्षा अधिकारी जौनपुर सुनील कार्की, ग्राम प्रधान थत्यूड़ मेनका सजवाण, अभिभावक संघ अध्यक्ष राजपाल भंडारी, एसएमसी अध्यक्ष बिना रावत एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा मेहरा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अतिथियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विद्यालय परिवार की ओर से सभी मुख्य अतिथियों का फूलमालाओं, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत एवं रंगारंग जौनपुरी-जौनसारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने न केवल स्थानीय लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की, बल्कि उपस्थित अतिथियों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय परिसर में संचालित होगा शिविर
प्रधानाचार्य उषा मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सात दिवसीय एनएसएस शिविर छात्राओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों एवं छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष शिविर का संचालन विद्यालय परिसर में ही किया जा रहा है।
सामाजिक सरोकारों पर रहेगा विशेष फोकस
प्रधानाचार्य ने जानकारी दी कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे सामाजिक विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही प्रतिदिन बौद्धिक सत्रों का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ छात्राओं को सामाजिक दायित्वों एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ा मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
एनएसएस से विकसित होता है सेवा भाव: बीओ
खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कार्की ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र-छात्राओं में अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्राएं समाज की वास्तविक समस्याओं को समझेंगी और उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। स्वच्छता, नशामुक्ति एवं महिला सशक्तिकरण जैसे विषय वर्तमान समय की आवश्यकता हैं और इस प्रकार के शिविर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
छात्राओं को समाज सेवा के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मी तड़ियाल, सहायक अंजना परमार, अध्यापिका अनामिका, कुसुम पवार, मनीषा चंद, दीपा नवानी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।



