थत्यूड

तेवा गांव में ‘जल अर्पण दिवस 2026’ पर जागरूकता रैली, जल गुणवत्ता परीक्षण का दिया प्रशिक्षण

जल जीवन मिशन के तहत हर घर स्वच्छ जल पहुंचाने का लक्ष्य, पंचायत को सौंपी जा चुकी है जलापूर्ति योजना

रिपोर्ट–मुकेश रावत

थत्यूड़ (टिहरी) जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ अंतर्गत ग्राम पंचायत तेवा में गुरुवार को उत्तराखंड जल संस्थान, नई टिहरी की ओर से ‘जल अर्पण दिवस 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ख्यार्शी वार्ड की जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्वेता देवी और डॉ. भीमराव जन जागृति मंच के अध्यक्ष शिवदास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली निकाली। जल संस्थान विभाग ने पेयजल योजनाओं के संचालन व रखरखाव की जानकारी देते हुए समिति सदस्यों और ग्रामीणों को जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण भी प्रदान किया। ग्राम सभा में पेयजल योजना के निर्माण व रखरखाव में सहयोग देने वाले पेयजल ग्राम एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया, जबकि बच्चों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

अधिशासी अभियंता प्रशांत भारद्वाज ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा 15 अगस्त 2019 को घोषित जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इसी योजना के तहत तेवा गांव में जलापूर्ति योजना का निर्माण कर इसे सफलतापूर्वक पंचायत को हस्तांतरित किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि योजना के संचालन, रखरखाव और जल गुणवत्ता जांच के लिए ग्राम पंचायत को आवश्यक संसाधन और फील्ड टेस्टिंग किट उपलब्ध कराई गई हैं। गांव की चार महिला सदस्यों की परीक्षण टीम को पुनः प्रशिक्षण देकर नियमित जांच सुनिश्चित की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पेयजल अमूल्य संसाधन है, इसलिए इसके संरक्षण और योजना के सुचारू संचालन में सामूहिक भागीदारी जरूरी है। तकनीकी सहायता की आवश्यकता होने पर विभाग हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मुरारी लाल, सहायक अभियंता राजवीर सिंह महर, अपर सहायक अभियंता रवित शाह, कनिष्ठ सहायक पवन तिवारी, वीरेंद्र गौड़, पूर्व प्रधान भगत सिंह रावत, लाखी सिंह परमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!