उत्तराखंड ताज़ा

थत्यूड में वार्षिकोत्सव की धूम, मेधावी व खिलाड़ियों का सम्मान

श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, परीक्षा परिणाम भी घोषित

थत्यूड, 28 मार्च: श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, थत्यूड में शनिवार को वार्षिकोत्सव, खेल पुरस्कार वितरण एवं वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह गरिमामयी और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया।

समारोह की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कार्की ने की। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देते हुए कहा कि निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दिवाकर थपलियाल ने छात्रों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षिक विकास ही नहीं, बल्कि सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को भी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहे। नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा।

इसके पश्चात खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य दिवाकर थपलियाल, अभिभावक संघ अध्यक्षा विनीता रावत, विजेंद्र लिंगवाल प्राचार्य, खेमराज भट्ट, सुनील थपलियाल, अकवीर पंवार, शिवदास सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!