अपर पुलिस अधीक्षक जे. आर. जोशी ने थाना कैंपटी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया

टिहरी गढ़वाल। शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के अपर पुलिस अधीक्षक जे. आर. जोशी ने थाना कैंपटी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें थाने पर गारद द्वारा सलामी दी गई, जिसके उपरांत उन्होंने गारद के उत्साहवर्धन हेतु पारितोषिक प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, मालखाना, हवालात, भोजनालय, बैरक, आगंतुक कक्ष, महिला एवं शिशु कल्याण पटल, CCTNS कक्ष एवं परिसर में लगे CCTV कैमरों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के असलहों एवं आपदा संबंधी उपकरणों का भौतिक निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों से उपकरणों की जानकारी ली तथा शस्त्र अभ्यास भी कराया।
इसके साथ ही, अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना के अभिलेखों का अवलोकन किया तथा माल मुकदमाती, मुकदमाती वाहनों एवं अन्य सामग्री के शीघ्र निस्तारण हेतु निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी संपत्ति का जीपी लिस्ट से मिलान कर रखरखाव की जांच भी की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाने में नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लिया, उनकी समस्याएं सुनीं एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही, सभी विवेचकों को लंबित विवेचना का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। आगामी चारधाम यात्रा सीजन एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने हेतु थाना प्रभारी को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी संजय मिश्रा, उप निरीक्षक राम नरेश शर्मा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



