थत्यूड

महाशिवरात्रि पर थत्यूड़ के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सुबह छह बजे से ही मंदिरों में लगी भक्तों की कतारें, पुलिस ने संभाली सुरक्षा व यातायात व्यवस्था

रिपोर्ट –मुकेश रावत 

थत्यूड़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय क्षेत्र स्थित त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर सहित कोनेश्वर महादेव मंदिर, ऐरी गांव और भूमिया गांव के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातः छह बजे से ही त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर थत्यूड़ में भक्तों का आगमन शुरू हो गया, जो दोपहर तक लगातार जारी रहा।

श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए बेलपत्र, दूध, दही, घी और जल से शिवलिंग का अभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। प्रसाद के रूप में भांग घोटा और हलवा वितरित किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

ढाणा रोड स्टेट बैंक चौक स्थित व्यापारियों के सहयोग से शिवभक्तों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर थत्यूड़ के पुजारी राजेश खंडूरी ने बताया कि मंदिर के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है और मान्यता है कि संतान की कामना से सच्चे मन से पूजा करने पर मनोकामना पूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र थत्यूड़ थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। एसआई गुमान सिंह तोमर ने बताया कि मंदिर परिसर और मुख्य बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन कतारें व्यवस्थित कराई गईं तथा यातायात सुचारु बनाए रखने हेतु वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया, जिससे आवागमन बाधित नहीं हुआ।

इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष महावीर साजवान, वीरेंद्र सिंह रावत, विनोद राणा, जयपाल सजवान, राजेंद्र सजवान, मनदेव सिंह रावत सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!