खिलाड़ियों का महासंग्राम! 3 जनवरी को थत्यूड़ में खेल महाकुम्भ
धनोल्टी विधानसभा के जौनपुर व थौलधार विकासखंडों के 13 न्याय पंचायतों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

रिपोर्ट–मुकेश रावत
थत्यूड़। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में आयोजित खेल महाकुम्भ विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ आगामी 3 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज थत्यूड़ के खेल प्रांगण में किया जाएगा।
न्याय पंचायत स्तर के विजेता खिलाड़ी लेंगे भाग
न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित खेल महाकुम्भ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी एवं समूह खेलों की विजेता टीमें इस विधायक स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। इसके साथ ही वॉलीबॉल और पिट्ठू जैसे कुछ खेल सीधे विधायक खेलकूद प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
विजेता न्याय पंचायत को मिलेगी विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चतर लाल शाह ने बताया कि प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली न्याय पंचायत को विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
जौनपुर और थौलधार के 13 न्याय पंचायतों के खिलाड़ी होंगे शामिल
इस बार प्रतियोगिता में जौनपुर विकास खंड और थौलधार विकास खंड की कुल 13 न्याय पंचायतों के खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें से 10 न्याय पंचायत जौनपुर विकास खंड तथा 3 न्याय पंचायत थौलधार विकास खंड से होंगी, जो धनोल्टी विधानसभा के अंतर्गत आयोजित इस खेल महाकुम्भ विधायक खेलकूद प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।



