थत्यूड़ में 25 राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, अगले साल और भव्य आयोजन का ऐलान

रिपोर्ट –मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी गढ़वाल)। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जौनपुर विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ के ब्लॉक सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी अंशुल भट्ट और ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने क्षेत्र के 25 राज्य आंदोलनकारियों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्ष और आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक मुख्यालय में स्थापित स्वर्गीय विजेंद्र भट्ट की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल भी लगाए गए, जिनके माध्यम से विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।
अगले साल और भव्य स्तर पर होगा सम्मान समारोह
ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही अलग राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से जौनपुर विकासखंड क्षेत्र के राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान और अधिक भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने चिन्हीकरण से छूटे राज्य आंदोलनकारियों को भी राज्य आंदोलनकारी का दर्जा दिलाने के लिए शासन-प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
लोकगीतों के माध्यम से याद किया उत्तराखंड आंदोलन
कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकार हीरामणि गौड़ ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन पर आधारित गीत प्रस्तुत कर आंदोलन के संघर्षपूर्ण दिनों को याद किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष की याद दिलाई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी राकेश बिष्ट, धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद सद्दाब, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख एवं राज्य आंदोलनकारी महिपाल सिंह रावत, खेमराज भट्ट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य सबिता देवी, राज्य आंदोलनकारी जयेंद्र बिजल्वाण, महावीर सजवाण, सोमवारी लाल नौटियाल, अकबीर पंवार, जयपाल कैरवाण और दीपेंद्र रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डीपी चमोली ने किया।



