ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बनाने पर जोर, REAP-ग्रामोत्थान की मंत्री गणेश जोशी ने की समीक्षा
बजट का शत-प्रतिशत उपयोग, महिलाओं को CLF-FPO-SHG से जोड़ने और वे-साइड एमिनिटी कार्य तेज करने के निर्देश

देहरादून, 12 फरवरी। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में ग्राम्य विकास विभाग की रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट (REAP)–ग्रामोत्थान योजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने योजना के अंतर्गत आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए कार्यों में तेजी के साथ पारदर्शिता भी जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक महिलाओं को क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), किसान उत्पादक संगठन (FPO) और स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जोड़ा जाए, ताकि महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ें। साथ ही वे-साइड एमिनिटी निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा, जिससे स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
मंत्री जोशी ने कृषि एवं गैर-कृषि आधारित क्लस्टर उद्यमों के विकास पर बल देते हुए चयनित वैल्यू चेन के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने “पशु सखी” जैसी पहलों के जरिए डिजिटल सशक्तिकरण को गति देने तथा पशुपालकों को मोबाइल फोन वितरण और प्रशिक्षण कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए, ताकि तकनीक के उपयोग से उत्पादकता और आय में वृद्धि हो सके।
बैठक में परियोजना निदेशक झरना कमठान, वित्त नियंत्रक भूपेंद्र कांडपाल, उपनिदेशक रिप महेंद्र सिंह यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



