उत्तराखंड

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार : टिहरी की चार न्याय पंचायतों में लगे बहुउद्देशीय शिविर

दपोली, विरोगी, भरवाकाटल और कोठियाड़ा में आयोजित शिविरों में अधिकारियों ने सुनी जनसमस्याएं

टिहरी गढ़वाल। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जनपद टिहरी की चार न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाया गया, वहीं जनसमस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम के तहत तहसील जाखणीधार की न्याय पंचायत दपोली, तहसील टिहरी विकासखंड चम्बा की न्याय पंचायत विरोगी, तहसील धनोल्टी विकासखंड जौनपुर की न्याय पंचायत भरवाकाटल तथा तहसील घनसाली विकासखंड भिलंगना की न्याय पंचायत कोठियाड़ा में शिविर आयोजित किए गए।

न्याय पंचायत दपोली के रा.इ.का. अंजनीसैंण में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की। नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सूर्यप्रकाश वर्मा ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागीय स्टालों पर 114 ग्रामीणों ने सहभागिता की। इस दौरान 58 शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रमाण पत्र एवं अन्य सेवाओं के लिए 06 आवेदन आए, जबकि स्वास्थ्य जांच व अन्य योजनाओं से 06 लोगों को लाभान्वित किया गया।

न्याय पंचायत विरोगी के रा.इ.का. गजा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने की। नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) नरेश हल्दीयानी ने बताया कि शिविर में 324 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। 07 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभिन्न प्रमाण पत्रों व सेवाओं हेतु 80 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि स्वास्थ्य एवं अन्य योजनाओं से 135 लोग लाभान्वित हुए।

न्याय पंचायत भरवाकाटल के पंचायत भवन कुमाल्डा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डी.के. शर्मा ने की। नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता लोनिवि थत्यूड़ मदन मोहन ने बताया कि शिविर में 351 ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान 151 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 09 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्रमाण पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए 44 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 192 लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभ पहुंचाया गया।

न्याय पंचायत कोठियाड़ा के अंतर्गत मंदिर परिसर सिल्यारा में आयोजित शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने की। नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग घनसाली आशीष ने बताया कि शिविर में 284 ग्रामीणों ने सहभागिता की। 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 का तत्काल निस्तारण किया गया। प्रमाण पत्र व अन्य सेवाओं हेतु 22 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि स्वास्थ्य जांच व अन्य योजनाओं से 136 ग्रामीणों को लाभ मिला।

शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!