थत्यूड

कफुल्टा, सिंजल और स्यालसी ग्राम सभाओं में बड़ा फैसला, शादी-विवाह व सामाजिक आयोजनों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। जौनपुर विकासखंड में चल रही शराबबंदी मुहिम को सामाजिक समर्थन मिलने लगा है। शनिवार को क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सभाओं में आयोजित बैठकों में ग्रामीणों ने सामाजिक और मांगलिक कार्यक्रमों को नशामुक्त रखने का सर्वसम्मत निर्णय लिया।

तीन ग्राम सभाओं में हुई महत्वपूर्ण बैठकें

छैजूला पट्टी के ग्राम कफुल्टा में ग्राम प्रधान प्रमिला देवी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक संपन्न हुई। वहीं दसज्यूला पट्टी के ग्राम सिंजल में ग्राम प्रधान किरन देवी तथा ग्राम स्यालसी में ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह चौहान की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई।

शादी-विवाह सहित सभी कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध

बैठकों में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि शादी-विवाह, चूड़ाकर्म संस्कार, जन्मदिन पार्टी सहित सभी सामाजिक एवं मांगलिक कार्यक्रमों में कच्ची व पक्की शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इस निर्णय को सामाजिक सुधार और स्वस्थ परंपराओं की दिशा में अहम कदम बताया गया।

फिजूलखर्ची पर लगेगा अंकुश, डीजे की समय-सीमा तय

ग्रामीणों ने यह भी तय किया कि विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाई जाएगी। मलाये, सोने-चांदी के आभूषण, डीजे और फोटोग्राफी जैसे खर्चों को अत्यंत सीमित रखा जाएगा। वहीं डीजे केवल रात्रि 12 बजे तक ही बजाने की अनुमति होगी।

नियम तोड़ने पर सामाजिक बहिष्कार का फैसला

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति तय नियमों का उल्लंघन करेगा, उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति की शादी या अन्य आयोजनों में गांव का कोई भी ग्रामीण शामिल नहीं होगा।

नशामुक्त गांव की ओर मजबूत पहल

ग्रामीणों ने कहा कि यह निर्णय गांव को नशामुक्त, शांत और संस्कारयुक्त बनाने की दिशा में एक ठोस प्रयास है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को बेहतर सामाजिक वातावरण मिल सकेगा।

बैठक में रहे लोग मौजूद

बैठक में तीनों ग्राम सभाओं के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!