थत्यूड

नागटिब्बा ट्रेक में जुटे 82 पर्यटक, प्रकृति और जैव विविधता का लिया आनंद

टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के तहत देवलसारी से गुजेता तक 4.5 किमी ट्रेकिंग, बर्ड वॉचिंग और इको टूरिज्म को मिला बढ़ावा

थत्यूड़ (टिहरी): टिहरी लेक फेस्टिवल–2026 के अंतर्गत साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जौनपुर विकासखंड में नागटिब्बा ट्रेक रूट पर देवलसारी से गुजेता तक करीब 4.5 किलोमीटर की ट्रेकिंग आयोजित की गई। इस ट्रेक में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए कुल 82 पर्यटकों ने भाग लेकर प्रकृति और हिमालयी जैव विविधता का आनंद लिया।

 

रविवार सुबह ट्रेकिंग दल ने देवलसारी महादेव के दर्शन के बाद सुबह आठ बजे औंतड़ गांव होते हुए गुजेता नागटिब्बा के लिए प्रस्थान किया। ट्रेक की रवानगी औंतड़ गांव के सम्मानित नागरिकों द्वारा की गई। ट्रेकिंग दल में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक शामिल रहे, जिनमें टिहरी जिले के कई प्रतिभागी भी मौजूद थे।

 

ट्रेक के दौरान प्रतिभागियों ने वन विभाग के सहायक वन संरक्षक दिनेश नौडियाल, वन क्षेत्राधिकारी देवलसारी लतिका, डिप्टी रेंजर तथा स्थानीय बर्ड वॉचर अरुण गौड़ के मार्गदर्शन में बर्ड वॉचिंग, मॉथ वॉचिंग और क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का अवलोकन किया।

 

ट्रेकिंग के दौरान पर्यटकों ने देवदार, बांज, बुरांश और चीड़ समेत कई हिमालयी वनस्पतियों के साथ हिमालयन ग्रिफॉन, हिमालयन बुलबुल, लॉन्ग टेल मिनिवेट और स्ट्रीक्ड लाफिंगथ्रश जैसे पक्षियों को भी देखा। इसके अलावा कॉमन क्रो, ग्राम ब्लू तथा राज्य की स्टेट बटरफ्लाई वूली ब्रांडेड कॉमन पीकॉक सहित कई प्रजातियों की तितलियों के नजारे भी पर्यटकों को देखने को मिले।

 

इस ट्रेक का मुख्य उद्देश्य राज्य में साहसिक, धार्मिक, वेलनेस और इको टूरिज्म को बढ़ावा देना है। प्रतिभागियों ने नागटिब्बा ट्रेक रूट की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता की सराहना की।

 

ट्रेक में जिला प्रशासन की ओर से टिहरी लेक फेस्टिवल के नोडल अधिकारी धनौल्टी, जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, पौधशाला विकास अधिकारी राहुल राणा, तहसीलदार धनौल्टी बीरम सिंह और उपकोषाधिकारी थत्यूड़ ऋषिपाल सिंह सहित ग्राम सभा औंतड़ के नागरिक भी शामिल रहे। ट्रेक के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!