थत्यूड

थत्यूड़ में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मना 77वां गणतंत्र दिवस

स्कूली बच्चों की झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

रिपोर्ट–मुकेश रावत 

थत्यूड़। विकासखंड मुख्यालय थत्यूड़ में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रप्रेम के वातावरण में मनाया गया। क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय पर्व को पारंपरिक उल्लास के साथ आयोजित किया गया। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने थत्यूड़ मुख्य बाजार में आकर्षक झांकियां निकालकर आमजन का ध्यान आकर्षित किया। झांकियों के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। “भारत माता की जय” और देशभक्ति नारों से पूरा क्षेत्र देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने माहौल को और भी ओजस्वी बना दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा दर्शकों का मन

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नाट्य प्रस्तुतियों एवं पारंपरिक जौनपुरी तांदी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की भरपूर सराहना बटोरी। विशेष रूप से भारतीय सेना के जवानों के संघर्ष, त्याग और सीमाओं पर दिए जाने वाले बलिदान को नाटक के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया।

संविधान के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प

कार्यक्रम में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दिवाकर थपलियाल, अभिभावक संघ अध्यक्ष विनीता रावत, विपुल लेखवार,  सरस्वती विद्या मंदिर थत्यूड़ के व्यवस्थापक सुरेंद्र रावत, कोषाध्यक्ष दिनेश रावत, प्रधानाचार्य मनदेव सिंह रावत, कमलेश बडोनी सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

समारोह के अंत में वक्ताओं ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों के ईमानदारी से निर्वहन का आह्वान किया तथा संविधान की मूल भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!