13 जर्जर प्राथमिक विद्यालयों का होगा कायाकल्प, 274 लाख स्वीकृत
अतिरिक्त कक्ष निर्माण व मरम्मत कार्य जल्द शुरू, विभागीय अधिकारियों को निर्देश

देहरादून, 13 फरवरी। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में प्रदेश के चार जनपद— देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और टिहरी— के 13 जर्जर प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण, मरम्मत और अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 274.20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। इसके लिए भौतिक संसाधनों की उपलब्धता के साथ जर्जर भवनों का पुनर्निर्माण प्राथमिकता में रखा गया है।
देहरादून जिले में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय चांदपुर के मरम्मत कार्य हेतु 10.80 लाख तथा प्राथमिक विद्यालय सावड़ा में अतिरिक्त कक्षा निर्माण के लिए 11.50 लाख स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ जिले में प्राथमिक विद्यालय किमटा को 17.50 लाख और कवाधार में मरम्मत के लिए 18.26 लाख दिए गए हैं।
रुद्रप्रयाग जिले के नौना दानकोट, सेमलता, किमाणा, भुनका वल्ला और झुण्डोली विद्यालयों में मरम्मत व कक्ष निर्माण के लिए 14–14 लाख स्वीकृत हुए हैं। वहीं डुंग्रा और कोलू भन्नू उच्च प्राथमिक विद्यालयों के भवन पुनर्निर्माण हेतु 40.30–40.30 लाख मंजूर किए गए हैं। डोभासौड़ प्राथमिक विद्यालय को 32 लाख तथा टिहरी के सुनारगांव विद्यालय के पुनर्निर्माण के लिए 33.62 लाख स्वीकृत हुए हैं।
निर्माण कार्यों के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को नामित कर दिया गया है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूर्ण हों। मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



