मोदी सरकार के 11 वर्ष, आज़ाद भारत का स्वर्णिम काल — कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या
नई टिहरी में प्रबुद्ध जन सम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का किया गुणगान

नई टिहरी, 12 जून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को टिहरी के होटल गैलेक्सी में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन और प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्षों को “आज़ाद भारत का स्वर्णिम काल” बताया। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक से अधिक समय में भारत ने सामाजिक, आर्थिक और वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है। निर्यात के क्षेत्र में भी भारत की प्रगति उल्लेखनीय रही है। मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं ने भारत को उपभोक्ता से उत्पादक और निर्यातक राष्ट्र में तब्दील किया है।
“ऑपरेशन सिंदूर में स्वदेशी हथियारों की सटीकता ने दुनिया को चौंकाया”
रक्षा क्षेत्र की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर है। हालिया ऑपरेशन सिंदूर इसका ज्वलंत उदाहरण है, जिसमें स्वदेश निर्मित हथियारों की सफलता और प्रभावशीलता ने वैश्विक मंच पर भारत की क्षमता का लोहा मनवाया है।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल बैंकिंग के माध्यम से आम जनमानस को सीधे सरकारी योजनाओं से जोड़ा है, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगी है और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रणाली ने पारदर्शिता को नया आयाम दिया है।
गरीबी उन्मूलन में ऐतिहासिक उपलब्धि: 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर
उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, जिसकी सराहना अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं जैसे IMF और UNDP भी कर चुके हैं।
महिला सशक्तिकरण में ऐतिहासिक निर्णय
रेखा आर्या ने कहा कि मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। दशकों से लंबित महिला आरक्षण बिल को संसद में पारित कर ऐतिहासिक कार्य किया गया है। धारा 370 की समाप्ति, वक्फ बोर्ड संशोधन और CAA कानून जैसे निर्णय इस सरकार की निर्णय क्षमता और इच्छाशक्ति को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख भाजपा नेताओं की उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, जिला अध्यक्ष उदय रावत, राजेंद्र जुयाल, चतर सिंह चौहान, रागिनी भट्ट, सुंदरलाल उनियाल, चंद्रवीर नेगी, विजय कठैत सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।