उत्तराखंड
कैंपटी-थत्यूड़ मोटर मार्ग के निर्माण कार्य से खतरे में कोल्टी गांव
थत्यूड़ : जौनपुर ब्लॉक में कैंपटी-थत्यूड़ मोटर मार्ग के निर्माण कार्य से कोल्टी गांव की एक महिला के मकान को खतरा पैदा हो गया है। मकान के नीचे सड़क कटान से पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसके चलते बरसात में कभी भी मकान टूट सकता है। पीड़ित महिला का कहना है कि इसकी शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जौनपुर ब्लॉक के कोल्टी गांव निवासी सस्की देवी ने बताया कि उक्त मोटर मार्ग का नव निर्माण कार्य चल रहा है। वह 2021 से लगातार विभाग को मोटर मार्ग से खतरा होने की बात करती आ रही है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। गांव की सदस्य क्षेत्र पंचायत पूनम को ने भी बताया कि इस संबंध में लोनिवि को मकान की सुरक्षा के लिए दीवार लगाने और अन्य सुरक्षात्मक उपाय करने की मांग की गई है। लेकिन विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। बताया कि जब क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने लोनिवि को निर्देश दिए जब जाकर विभाग ने सुरक्षा दीवार का प्रस्ताव बनाया है। लेकिन तक कार्य शुरू नहीं किया है। कहा कि जिस तरह से बारिश हो रही है, उससे मकान कितने दिन तक बगैर सुरक्षा दीवार के टिक पाएगा कहा नहीं जा सकता। इस बाबत लोनिवि के ईई लोकेश सारस्वत का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है। ठेकेदार को कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मकान की सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे।




