जौनपुर में नशामुक्त विवाह की पहल रंग लाई
मकर संक्रांति पर कई गांवों में बिना शराब के संपन्न हुए शादी समारोह

रिपोर्ट — मुकेश रावत
थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर विकासखंड में शादी समारोहों और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों को नशामुक्त बनाने की दिशा में चल रही सामाजिक पहल अब धरातल पर असर दिखाने लगी है। जौनपुर विकास मंच, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की संयुक्त मुहिम के परिणामस्वरूप मकर संक्रांति के अवसर पर क्षेत्र के कई गांवों में आयोजित विवाह समारोह पूरी तरह शराबमुक्त रहे।
विगत 14 जनवरी को जौनपुर विकासखंड के विभिन्न गांवों में मेहंदी और विवाह कार्यक्रम बिना शराब और बीयर के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। समारोहों में मेहमानों को किसी भी प्रकार का नशीला पेय परोसा नहीं गया। नशामुक्त माहौल में संपन्न इन आयोजनों की सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों ने खुले मंच से सराहना की।
विकासखंड क्षेत्र के ग्राम डिगोन में दिनेश सिंह पंवार, अग्यारना में रामचंद्र सिंह रावत, सिंजल गांव में जयवीर सिंह पंवार तथा गवाणा गांव में मुसद्दी सिंह रावत की शादियां मकर संक्रांति के अवसर पर संपन्न हुईं, जहां शराबबंदी का पूर्ण रूप से पालन किया गया। इसके साथ ही अन्य ग्राम सभाओं में भी इस सामाजिक परंपरा को अपनाया गया।
इस अवसर पर जौनपुर विकास मंच के अध्यक्ष रतनमणी भट्ट, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के अध्यक्ष खेमराज भट्ट, पूर्व जेस्ट उप प्रमुख महिपाल सिंह रावत, शिक्षाविद चेतन प्रसाद नौटियाल, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष निहाल सिंह रावत सहित कुंवर सिंह पंवार, मनवीर रमोला, खुशाल सिंह चौहान, अनिल सिंह रांगड़ और सुमन सिंह रौंछेला ने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में चल रही शराबबंदी मुहिम का सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
वक्ताओं ने इस सामाजिक बदलाव में मीडिया की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में लिए जा रहे निर्णयों और बैठकों की जानकारी जनता तक पहुंचाकर मीडिया ने समाज को जागरूक किया है। मीडिया समाज का सच्चा दर्पण है, जो सकारात्मक परिवर्तनों को मजबूती प्रदान करता है।



